टाइल्स मिस्त्री की संदिग्ध मौत: एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, दूसरे दिन हुआ अंतिम संस्कार
प्रतापगढ़ के बाबागंज में टाइल्स मिस्त्री की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता और निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रशासन की समझाइश के बाद दूसरे दिन अंतिम संस्कार कराया गया।

कुंडा। महेशगंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में टाइल्स मिस्त्री की मौत के मामले में बुधवार को प्रशासन और पुलिस की पहल के बाद दूसरे दिन मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया। इससे पहले परिजनों ने एसडीएम कुंडा को ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता, बच्चों की शिक्षा, आवास, नौकरी और निष्पक्ष जांच सहित कई मांगें रखीं।
महेशगंज थाना क्षेत्र के शिवगंज मजरा नरियावा गांव निवासी विजय कुमार सरोज का शव मंगलवार सुबह घर से करीब 150 मीटर दूर एक नीम के पेड़ पर लटका मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। सूचना पर एसडीएम कुंडा वाचस्पति सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। इस दौरान मृतक की पत्नी मीना देवी ने ज्ञापन सौंपकर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, दो बीघा कृषि भूमि, बच्चों की निःशुल्क शिक्षा, संविदा पर नौकरी, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, कृषक दुर्घटना बीमा के तहत 5 लाख रुपये की सहायता तथा दोषियों की गिरफ्तारी तक घर पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
एसडीएम ने सभी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी परिजन काफी देर तक अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद शाम करीब तीन बजे परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी महेशगंज संदीप त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।





