पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपा का धरना
अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में प्रतापगढ़ के अंबेडकर चौराहे पर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी से नाराज सपाइयों ने मंगलवार रात नगर के अंबेडकर चौराहे पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया । जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। 
धरने के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गिरफ्तारी की कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।इस दौरान शांति सिंह,ज्योत्सना सिंह,हरीश शुक्ला,मनीष पाल,वासिक खान,अनिल मौर्य,समेत तमाम सपाई नजर आए। 
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अंबेडकर चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील दिखाई दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखी। किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।



