25-25 हजार के इनामी घोषित हुए दो फरार आरोपी, गिरफ्तारी को पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के गंभीर आपराधिक मामले में फरार दो आरोपियों पर एसपी दीपक भूकर ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और दबिश के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

प्रतापगढ़। थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के एक गंभीर आपराधिक मामले में फरार चल रहे दो नामजद आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपियों पर कुल 50 हजार रुपये का पुरस्कार रखा गया है।
पुलिस के अनुसार थाना आसपुर देवसरा में दर्ज मुकदमा संख्या 42/2026 में नामजद आरोपी सुशील पुत्र रामदौर तथा बलजीत पुत्र रामदौर, निवासी ग्राम सेतापुर, घटना के बाद से 7 जून 2026 से फरार हैं।
उनकी गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस और विशेष टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी उनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और जनसहयोग प्राप्त करने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया है।
प्रतापगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन वांछित आरोपियों के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना मिले तो वह तत्काल निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या प्रतापगढ़ पुलिस को अवगत कराए।
सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना के आधार पर गिरफ्तारी होने पर नियमानुसार पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी तक अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।





