ताज़ा ख़बरप्रयागराज

प्रयागराज में सनसनीखेज हत्या: एकतरफा प्यार में ममेरे भाई को मारकर जलाया, 50 लाख की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज के सोरांव में एकतरफा प्यार में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने अपने ममेरे भाई की हत्या कर शव जलाया। आरोपी ने मृतक के मोबाइल से परिवार को मैसेज कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी, पुलिस ने गिरफ्तार किया।

प्रयागराज।

जिले के सोरांव थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार के चलते हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर शिवम राय ने अपने ही ममेरे भाई सुमित कुमार उर्फ साहिल की हत्या कर शव को पेट्रोल डालकर जला दिया। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल और सिम का इस्तेमाल कर परिवार को गुमराह किया और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी।

पुलिस ने आरोपी शिवम राय को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं।

एक ही लड़की से प्यार बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शिवम राय और मृतक सुमित रिश्ते में ममेरे भाई थे। दोनों एक ही लड़की से प्यार करते थे। लड़की को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, सुमित द्वारा लड़की को छोड़ने से इनकार करने के बाद शिवम ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

बहाने से गंगा किनारे ले गया, हथौड़े से किया हमला

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को शिवम ने सुमित को बहाने से अपने साथ गंगा किनारे रेलवे लाइन के पास बुलाया। वहां मोबाइल में फोटो दिखाने के बहाने जैसे ही सुमित मोबाइल देखने लगा, आरोपी ने झोले में रखे हथौड़े से उसके सिर पर वार कर दिया।

हमले में सुमित की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

मृतक के मोबाइल से मांगी 50 लाख की फिरौती

हत्या के बाद आरोपी ने एक और साजिश रची। उसने सुमित के मोबाइल और सिम का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम के जरिए परिवार से संपर्क किया और सुमित के जिंदा होने का भ्रम पैदा किया।

इसके बाद उसने मृतक की यूपीआई आईडी भेजकर परिवार से 50 लाख रुपये की मांग की।

30 जुलाई को मिला था जला हुआ शव

जानकारी के अनुसार, सोरांव थाना क्षेत्र के भदरी गांव निवासी शिव प्रसाद ने 25 जुलाई को पुलिस को सूचना दी थी कि उनका 20 वर्षीय बेटा सुमित 23 जुलाई की सुबह बाल कटवाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए जांच शुरू की।

इसी बीच 30 जुलाई को फाफामऊ क्षेत्र के रंगपुरा कछार के पास एक युवक का शव मिला। कपड़ों और सामान के आधार पर पिता ने शव की पहचान सुमित के रूप में की।

SOG और सर्विलांस टीम की कार्रवाई से खुला मामला

पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी गंगानगर और एडीसीपी गंगानगर के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।

एसीपी सोरांव के नेतृत्व में थाना सोरांव पुलिस और SOG/सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने 31 जुलाई को आरोपी शिवम राय को नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुबरा जगदीशपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button