अयोध्याताज़ा ख़बर

पलिया शाहबदी में मियावाकी पद्धति से विकसित होगा संजीवनी उपवन, सीएसआर फंड से बनेगा जानकी जलाशय

अयोध्या नगर निगम और इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड (आईपीएल) के संयुक्त प्रयास से पलिया शाहबदी में मियावाकी पद्धति पर आधारित संजीवनी उपवन और जानकी जलाशय विकसित किया जाएगा। परियोजना का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ हुआ।

अयोध्या।

नगर निगम अयोध्या और इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड (आईपीएल) के संयुक्त प्रयास से सीएसआर फंड के माध्यम से पलिया शाहबदी क्षेत्र में मियावाकी पद्धति पर आधारित संजीवनी उपवन तथा जानकी जलाशय का विकास किया जाएगा। मंगलवार को भूमि पूजन के साथ परियोजना का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी उपस्थित रहे।

कौशल किशोर ने कहा कि रामनगरी को अधिक हरित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रकृति संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए जनसहभागिता पर जोर दिया।

महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम शहर और आसपास के क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के लिए लगातार उपवन विकसित कर रहा है। उन्होंने बताया कि मियावाकी पद्धति से तैयार होने वाला संजीवनी उपवन कम स्थान में घना, जैव विविधता से समृद्ध और पर्यावरण संरक्षण के लिए उपयोगी होगा। वहीं जानकी जलाशय वर्षा जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और स्थानीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी ने कहा कि जानकी जलाशय जल संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी मॉडल साबित होगा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक बनेगा।

आईपीएल की ओर से कार्यक्रम का संचालन कर रहे पवन पांडे ने बताया कि परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लगभग दो वर्षों में पूरा किया जाएगा। भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अवसर पर इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के निदेशक विश्वास स्वरूप अग्रवाल तथा कंपनी के सीएसआर निदेशक रामकृष्ण सुब्रमण्यम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button