अयोध्या नगर निगम की जनसुनवाई में 16 शिकायतें आईं, 8 का मौके पर निस्तारण
अयोध्या नगर निगम की साप्ताहिक जनसुनवाई में 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 का मौके पर निस्तारण किया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा छिड़काव के निर्देश दिए।

अयोध्या।
अयोध्या नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई की अध्यक्षता करते हुए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने वर्षाकाल को देखते हुए नगर के जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, जलभराव, पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन की खुदाई तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर सुनवाई की गई।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, सुमित कुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।





