
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ से सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सांसद यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि “जहां ठाकुर और पंडितों की बस्ती है, वहां सड़क बनी हुई है, लेकिन जहां दलित और पिछड़े समाज की बस्ती है, वहां आज तक सड़क नहीं बनी।”
सांसद यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा का दौरा करने के दौरान उन्हें लगभग यही तस्वीर देखने को मिली। उन्होंने घोषणा की कि अब उनकी प्राथमिकता दलित और पिछड़े समाज की बस्तियों में सड़क निर्माण कराना होगी।
वीडियो वायरल होने के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सांसद के बयान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विपक्षी दल इसे जातीय आधार पर राजनीति से जोड़कर निशाना साध रहे हैं, जबकि समर्थक इसे वंचित बस्तियों के विकास की पैरवी बता रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो ने प्रतापगढ़ की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। आने वाले दिनों में इस बयान पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज होने की संभावना है। हालांकि, वायरल वीडियो किस कार्यक्रम का है और पूरा संदर्भ क्या है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।





