
प्रतापगढ़ (कुंडा)। विकासखंड कुंडा की ग्राम पंचायत दुलुवामई में किसानों के हित में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। धान की फसल के लिए सिंचाई संकट को देखते हुए ग्राम प्रधान ने अपने निजी खर्च पर करीब छह किलोमीटर लंबी नहर की सफाई कराई। इस पहल से लगभग 10 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
जानकारी के अनुसार, हेड लालचंद का पूर्वा कियावा से शुरू होने वाली नहर में लंबे समय से गाद और झाड़-झंखाड़ जमा होने के कारण पानी का प्रवाह बाधित था। इससे आसपास के गांवों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा था और धान की फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। किसानों की समस्या को देखते हुए ग्राम प्रधान ने जेसीबी मशीन लगवाकर अपने निजी संसाधनों से नहर की सफाई कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी ग्राम प्रधान ने किसानों की जरूरत को प्राथमिकता देते हुए समय रहते यह कार्य कराया है। नहर की सफाई पूरी होने के बाद अब सिंचाई का पानी अंतिम छोर तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
ग्राम प्रधान ने कहा कि उनका उद्देश्य गांव और किसानों की हर संभव सहायता करना है। उन्होंने कहा, “मैं गांव का बेटा और जनसेवक हूं।
ग्रामीणों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ा रहूंगा और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दूंगा।”
ग्रामीणों और किसानों ने ग्राम प्रधान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे खेती और ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।





