नंदगांव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति को लेकर जनजागरण अभियान, श्रद्धालुओं को दी गई न्यायालयीन प्रक्रिया की जानकारी
ब्रज के नंदगांव स्थित श्री नंदबाबा मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण को लेकर जनजागरण अभियान चलाया गया। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को न्यायालय में लंबित मामले, ऐतिहासिक दस्तावेजों और हस्ताक्षर अभियान की जानकारी दी गई।

प्रयागराज/मथुरा।
ब्रज के प्रमुख तीर्थ नंदगांव स्थित श्री नंदबाबा मंदिर परिसर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण को लेकर जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के दिशा-निर्देश में किया गया। इस दौरान मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों को न्यायालय में लंबित मामले, उससे जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों तथा कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
घर-घर संपर्क और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया
अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने नंदगांव में घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा विषय से संबंधित पुस्तिकाएं और पंपलेट भी वितरित किए गए।
संतों ने ऐतिहासिक तथ्यों और कानूनी प्रक्रिया पर डाली रोशनी
श्री नंदबाबा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संत श्री श्यामानंद जी महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों और न्यायालय में चल रही प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं से जुड़े महेंद्र प्रताप सिंह
कार्यक्रम के दौरान महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंदिर के सेवायतों और अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज को उपलब्ध ऐतिहासिक दस्तावेजों और न्यायालयीन प्रक्रिया से अवगत कराना है। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को हस्ताक्षर अभियान से जोड़ने की अपील की।
इसके बाद सेवायतों और कार्यकर्ताओं ने नंदगांव के विभिन्न मोहल्लों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया।
ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में श्री नंदबाबा मंदिर के सेवायत जगदीश गोस्वामी, कान्हा गोस्वामी, सोनू गोस्वामी, गोविंद गोस्वामी, दान बिहारी गोस्वामी, योगेश गोस्वामी, रवि गोस्वामी, शिवहरि गोस्वामी, पंकज गोस्वामी, दीपक गोस्वामी, शशिकांत, अटल गोस्वामी, गोपाल गोस्वामी, हीरा, बलदेव गोस्वामी सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।





