ताज़ा ख़बरप्रयागराज

प्रयागराज ट्रिपल मर्डर केस का खुलासा, पत्नी पर अवैध संबंध के शक में तीन हत्याओं का आरोप; मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज के शाहगंज ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, पत्नी पर अवैध संबंध के शक में आरोपी ने तीन लोगों की हत्या की। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

प्रयागराज।

प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मूक-बधिर आरोपी को गुरुवार को एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

4 अगस्त को शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी सराय (गढ़ी कला) मोहल्ले में एक किराए के कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव बरामद हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि तीनों मूक-बधिर थे और कूड़ा बीनकर अपना जीवनयापन करते थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शाहगंज थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच के लिए कई टीमें गठित की गईं।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में 2 अगस्त की रात एक संदिग्ध व्यक्ति घटनास्थल के आसपास दिखाई दिया। उसकी गतिविधियों को ट्रेस करने पर वह रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में आता-जाता नजर आया, जिसके आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी गई।

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी का दावा

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भगवतपुर मोड़ के पास मौजूद है। इसके बाद शाहगंज थाना, एयरपोर्ट थाना और एसओजी नगर की संयुक्त टीम ने भगवतपुर रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी की।

पुलिस का दावा है कि रोकने पर आरोपी ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस का दावा: पत्नी पर शक के चलते की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी से बरामद मोबाइल फोन की जांच में घटनास्थल की तस्वीरें मिलीं। इसके बाद उससे सांकेतिक भाषा (इशारों) के माध्यम से पूछताछ की गई।

पुलिस का दावा है कि आरोपी ने बताया कि मृत महिलाओं में से एक उसकी पत्नी थी। उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने पत्नी, उस व्यक्ति और उसकी पत्नी की हत्या कर दी।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button