साइबर अपराध पर प्रतापगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, 12.18 करोड़ की ठगी में 14 मुकदमे दर्ज, 17 आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 मुकदमे दर्ज कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में 19 राज्यों की 89 साइबर शिकायतों और 12.18 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी का खुलासा हुआ।

प्रतापगढ़। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रतापगढ़ पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 मुकदमे दर्ज किए हैं और 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खाते और मोबाइल नंबर देश के 19 राज्यों में दर्ज 89 साइबर शिकायतों से जुड़े हैं तथा इनके माध्यम से करीब 12.18 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की गई।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम सेल और जनपद के सभी थानों की साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीमों ने यह अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टेलीग्राम, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए संचालित इन्वेस्टमेंट स्कैम, डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब और क्रिप्टो ट्रेडिंग फ्रॉड में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की गई।
पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 17 बैंक खाता धारकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सत्यापन के बाद दिलीपपुर, आसपुर देवसरा, जेठवारा, कंधई, कोतवाली नगर, लीलापुर, बाघराय, कुंडा, पट्टी और हथिगवां थानों में कुल 14 मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क और साइबर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार साइबर ठग कमीशन का लालच देकर लोगों के बैंक खाते और मोबाइल नंबर हासिल कर लेते हैं और फिर उन्हीं के माध्यम से देशभर में ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते हैं। मामले की गहन जांच साइबर क्राइम सेल द्वारा की जा रही है।
पुलिस की अपील: किसी भी अनजान लिंक, क्यूआर कोड या एपीके फाइल पर क्लिक न करें। बैंक या सरकारी संस्था के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल पर ओटीपी, पिन या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।





