केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने चलाया विशेष संपर्क अभियान
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने बाबागंज और कुंडा क्षेत्र में विशेष संपर्क अभियान चलाया। व्यापारियों, युवाओं और ग्रामीणों से संवाद कर केंद्र सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया।

प्रतापगढ़। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष संपर्क अभियान के तहत कौशांबी लोकसभा के पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने गुरुवार को बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के डेरवा एवं हीरागंज नगर पंचायत तथा कुंडा विधानसभा क्षेत्र के कुंडा एवं मानिकपुर बाजारों में व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने कुंडा डाक बंगला में कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं एवं व्यापारियों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व सांसद ने व्यापारियों, युवाओं और ग्रामीणों से संवाद करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों और रेलवे के आधुनिकीकरण से क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है तथा उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। इसके साथ ही डीबीटी के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है।
पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज भारत आर्थिक और तकनीकी क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।
बाजारों में भ्रमण के दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने पूर्व सांसद का फूल-मालाओं से स्वागत किया। वहीं हीरागंज नगर पंचायत में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलामंत्री राजन मिश्र, जिला उपाध्यक्ष पवन गौतम, मीडिया प्रभारी भूपेंद्र पांडेय, हीरागंज नगर पंचायत बाजार प्रतिनिधि उदय शंकर पांडेय, मानिकपुर नगर पंचायत प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल डिंपू, डॉ. सुमन साहू, मंडल अध्यक्ष रूपा गौतम, दिनेश गौतम, चुन्ना तिवारी, भोला सेठ, राज मिश्र, राममूरत पटेल, सौरभ मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





