प्रतापगढ़ में फिर टावर पर युवती, हथिगवां में चढ़ा युवक
प्रतापगढ़ में अपनी मांग मनवाने के लिए टावर पर चढ़ने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। प्रतापगढ़ में पानी की टंकी पर चढ़ी युवती तो हथिगवां थाना क्षेत्र में एक युवक रुपये के लेन-देन के विवाद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रतापगढ़। जनपद में अपनी बात मनवाने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल के दिनों में कुंडा क्षेत्र में दो महिलाओं के टावर पर चढ़ने की घटनाओं के बाद गुरुवार को प्रतापगढ़ कचहरी की पानी की टंकी पर एक युवती चढ़ गयी तो दूसरी तरफ हथिगवां थाना क्षेत्र में भी ऐसा ही मामला सामने आया।

जनपद प्रतापगढ़ के कचहरी स्थित पानी की टंकी पर एक युवती प्रेम प्रसंग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई बाद में फायर ब्रिगेड के लोगों ने उसे नीचे उतरवाया
जानकारी के अनुसार हथिगवां थाना क्षेत्र के बेलगांव निवासी आकाश उर्फ मुन्ना पटेल किलाहनापुर भीटा स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

बताया जाता है कि कुछ लोगों ने उससे करीब पांच वर्ष पूर्व ब्याज पर रुपये लिए थे। आरोप है कि न तो मूल धन वापस किया गया और न ही ब्याज का भुगतान किया गया। इससे नाराज होकर युवक टावर पर चढ़ गया और अपनी मांग पूरी करने की जिद पर अड़ गया।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर हथिगवां पुलिस पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
समाचार लिखे जाने तक युवक टावर पर ही मौजूद था और पुलिस तथा स्थानीय लोग उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास कर रहे थे। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बढ़ रही हैं टावर पर चढ़ने की घटनाएं
जनपद में हाल के दिनों में अपनी मांग या शिकायत को लेकर टावर पर चढ़ने की घटनाओं में वृद्धि देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के कदम न केवल जानलेवा साबित हो सकते हैं, बल्कि बचाव कार्य में जुटे लोगों के लिए भी चुनौती खड़ी करते हैं। प्रशासन लोगों से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वैधानिक और सुरक्षित माध्यम अपनाने की अपील कर रहा है।





