पुलिस की मौजूदगी में नजरबंद निर्भय सिंह ने किया हनुमान मंदिर में पूजन, प्रसाद भी बांटा
प्रतापगढ़ के कुंडा में मोहर्रम के मद्देनजर नजरबंद किए गए निर्भय सिंह ने पुलिस सुरक्षा के बीच शेखपुर आशिक स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीओ कुंडा और कोतवाल मनोज पांडे सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

कुंडा, प्रतापगढ़। मोहर्रम के मद्देनजर एहतियातन नजरबंद किए गए निर्भय सिंह ने शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में शेखपुर आशिक गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
मोहर्रम की दशवी पर शेखपुर आशिक स्थित हनुमान मंदिर में होने वाले भंडारे को लेकर पिछले कई वर्षों से प्रशासन विशेष सतर्कता बरतता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों को शांति भंग की आशंका में पाबंद किया जाता है, जबकि कुछ लोगों को एहतियातन नजरबंद भी किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी निर्भय सिंह को नजरबंद किया गया है।
निर्भय सिंह ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि शुक्रवार को उनकी नियमित पूजा का दिन है और वह हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करना चाहते हैं। इस पर कुंडा कोतवाल मनोज पांडे उन्हें भदरी कोठी से पुलिस सुरक्षा के बीच शेखपुर आशिक स्थित हनुमान मंदिर लेकर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद का वितरण किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुंडा और कुंडा कोतवाल मनोज पांडे सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की निगरानी में धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने के बाद उन्हे पुनः घर छोड़ दिया गया l





