एनसीसी अनुशासन और राष्ट्रसेवा की पाठशाला: कृषि विवि अयोध्या में बी-सी प्रमाण पत्र वितरित, परिणाम रहा शत-प्रतिशत
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अयोध्या में एनसीसी कैडेटों को बी और सी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विश्वविद्यालय का एनसीसी परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।

अयोध्या।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में बुधवार को एनसीसी कैडेटों के लिए बी एवं सी प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सफल कैडेटों को प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलपति ने कहा कि एनसीसी युवाओं के लिए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने वाली सशक्त पाठशाला है। एनसीसी प्रशिक्षण विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।
कृषि विवि का एनसीसी परीक्षा परिणाम रहा शत-प्रतिशत
इस वर्ष आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का एनसीसी परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। बी प्रमाण पत्र परीक्षा में कुल 52 कैडेट सफल हुए, जबकि सी प्रमाण पत्र परीक्षा में 29 कैडेटों ने सफलता हासिल की।
बी प्रमाण पत्र प्राप्त करने वालों में 34 छात्र और 18 छात्राएं शामिल रहीं। वहीं सी प्रमाण पत्र हासिल करने वाले 29 कैडेटों में 20 छात्र और 9 छात्राएं शामिल हैं।
कैडेटों को देश और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान
डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सभी सफल कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और अपने कार्यों से विश्वविद्यालय एवं देश का गौरव बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि एनसीसी का अनुभव विद्यार्थियों को नेतृत्व, जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने में मदद करता है।
प्रमाण पत्र वितरण समारोह में अधिकारी रहे मौजूद
प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डी. नियोगी, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. नवीन कुमार सिंह, सूबेदार मेजर बहादुर सिंह, नरेंद्र सिंह, गणेश सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





