
प्रतापगढ़।
सेवा और सामाजिक सहयोग की अनूठी मिसाल पेश करते हुए नेशनल सेल्फ केयर टीम (NSCT) ने सहयोग अलर्ट-06 अभियान के तहत पट्टी क्षेत्र के पृथ्वीगंज निवासी दिवंगत जमालुद्दीन अंसारी के आश्रित परिवार को ₹10 लाख 21 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की।
खास बात यह रही कि यह पूरी राशि संगठन के सदस्यों द्वारा ₹50-₹50 के स्वैच्छिक योगदान से जुटाई गई, जिसने सामाजिक एकजुटता की नई मिसाल कायम की है।
संगठन के अनुसार प्रतापगढ़ जनपद के 786 सदस्यों ने इस सहयोग अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान को संस्थापक विवेकानंद के मार्गदर्शन में सह-संस्थापक एवं प्रदेश महामंत्री सुधेश पांडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष संजीव कुमार रजक, संगठन मंत्री अंकिता शुक्ला, अंकित पोरवाल, सनी सिंह तथा प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने सफल बनाया।
प्रतापगढ़ जिला इकाई में जिलाध्यक्ष उत्सव सिंह के नेतृत्व में जिला महामंत्री देवेन्द्र नाथ शुक्ला, जिला सचिव इन्द्र कुमार मौर्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज सिंह व संदीप सिंह, उपाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र, संगठन मंत्री मनोज कुमार यादव और संयुक्त मंत्री राकेश कुमार मौर्य ने अभियान का संचालन किया।
जिलाध्यक्ष उत्सव सिंह ने कहा कि संगठन का मूल मंत्र “सेवा परमो धर्मः” केवल एक नारा नहीं बल्कि हर सदस्य की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि हजारों सदस्यों के छोटे-छोटे सहयोग से इतनी बड़ी सहायता राशि जुटना संगठन की पारदर्शिता, विश्वास और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से NSCT से जुड़कर इस सामाजिक अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों के लिए संचालित TSCT के माध्यम से आकस्मिक निधन की स्थिति में सदस्यों के सहयोग से करीब ₹50 लाख तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। वहीं NSCT ने अपनी शुरुआती यात्रा में ही ₹10 लाख से अधिक की सहायता देकर समाज के अन्य वर्गों के लिए भी मजबूत सहयोग तंत्र विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।





