
प्रतापगढ़।
जिले में रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) कार्यालय को बंद किए जाने की चर्चाओं के बीच सांसद डॉ एस.पी. सिंह पटेल ने इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग करते हुए उत्तर प्रदेश सर्किल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल को पत्र भेजा है। ज्ञापन में उन्होंने जनहित को देखते हुए प्रतापगढ़ आरएमएस कार्यालय को यथावत संचालित रखने का आग्रह किया है।
सांसद ने कहा कि प्रतापगढ़ आरएमएस कार्यालय जिले की डाक व्यवस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां से प्रतिदिन हजारों डाक, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों का प्रबंधन किया जाता है। यदि यह कार्यालय बंद होता है तो डाक सेवाओं में विलंब होगा और ग्रामीण क्षेत्रों सहित पूरे जिले की डाक व्यवस्था प्रभावित होगी।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि कार्यालय बंद होने से स्थानीय व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों को स्पीड पोस्ट व अन्य डाक सेवाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। साथ ही यहां कार्यरत कर्मचारियों और उनके परिवारों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
सांसद डॉ. एस.पी. सिंह पटेल ने डाक विभाग के उच्च अधिकारियों से अनुरोध किया है कि जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए प्रतापगढ़ आरएमएस कार्यालय को बंद करने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया जाए तथा इस महत्वपूर्ण सेवा को पहले की तरह संचालित रखा जाए। यह जानकारी सांसद के मीडिया प्रभारी वकार अहमद ने दी।





