
प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. शिवपाल सिंह पटेल ने रविवार को विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर जनसभाओं को संबोधित किया, आमजन से मुलाकात की और कई शोक-संतप्त परिवारों के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त की।
दौरे के दौरान सांसद ने लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व जनता की सेवा करना है और क्षेत्र की हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवन के सच्चे साथी हैं और स्वच्छ वातावरण व सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
सांसद डॉ. पटेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि जनसुनवाई, समस्याओं के समाधान और पर्यावरण संरक्षण जैसे ठोस कार्यों से होता है। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का भरोसा भी दिलाया।
इस दौरान विश्वनाथगंज विधानसभा अध्यक्ष अहमद अली, सदर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राम बहादुर पटेल, विधानसभा महासचिव प्रदीप यादव, उपाध्यक्ष नीरज पासी, शिव प्रसाद सोनी, फैजान अहमद, तौफीक आलम, अजीत यादव (प्रधानाचार्य, संस्कार एजुकेशनल मांधाता), राजेश यादव, राहुल सरोज तथा सांसद मीडिया प्रभारी वकार अहमद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





