
प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले एक उपनिरीक्षक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए उपनिरीक्षक मृत्युंजय पाण्डेय तत्कालीन चौकी प्रभारी मनगढ़, थाना कुण्डा के पद पर तैनात थे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी कुण्डा की जांच में सामने आया कि उपनिरीक्षक मृत्युंजय पाण्डेय ने थाना कुण्डा पर दर्ज तीन अभियोगों (मु.अ.सं. 134/2026, 252/2026 एवं 257/2026) की विवेचना के दौरान अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए। इतना ही नहीं, पर्यवेक्षण अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का भी पालन नहीं किया गया।
जांच में इसे पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता माना गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने तत्काल प्रभाव से उपनिरीक्षक मृत्युंजय पाण्डेय को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एसपी दीपक भूकर ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या स्वेच्छाचारिता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।





