ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

महुली हादसा – एडीजी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, डीएम ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

प्रतापगढ़ के महुली गांव में जर्जर मकान गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के बाद एडीजी प्रयागराज जोन और आईजी रेंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

प्रतापगढ़।

कोतवाली नगर क्षेत्र के महुली गांव में गुरुवार तड़के करीब दो बजे जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मलबे में दबने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में परिवार का एक सदस्य अमन (28) सुरक्षित बच गया। घटना से गांव में कोहराम मच गया।

हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता (55), बेटे नितिन (25), माधुरी (23) तथा मासूम माधव (एक वर्ष) और अद्विक उर्फ बाबू (10 माह) की मौत हुई है। मकान गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से सभी छह शवों को बाहर निकाला गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी प्रयागराज जोन ज्योति नारायण और आईजी प्रयागराज रेंज अजय कुमार मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर भी मौके पर मौजूद रहे।

डीएम ने पीड़ित परिवार को शासन से अनुमन्य आर्थिक एवं अन्य सहायता जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं एसपी ने राहत-बचाव, विधिक कार्रवाई और अन्य व्यवस्थाएं संवेदनशीलता एवं तत्परता से पूरी करने को कहा।

पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने सभी शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय स्थित शवगृह भेज दिया। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस ने मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button