
कुंडा, प्रतापगढ़।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुंडा नगर में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ अपराह्न 3:30 बजे कुंडा रोडवेज बस अड्डे से हुआ। यात्रा डाकघर तिराहा, भगवंत तिराहा, सरयू नगर, मेन चौराहा, खैराती रोड और अस्पताल तिराहा होते हुए पुनः रोडवेज बस अड्डे के पास भाजपा कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
देशभक्ति के गीतों से गूंजा नगर
यात्रा में सबसे आगे डीजे पर बज रहे देशभक्ति के गीतों ने लोगों में उत्साह भर दिया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं और नागरिकों के जोश से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कुंडा कोतवाली पुलिस भी मुस्तैद रही। पुलिस की गाड़ी यात्रा के आगे चलती रही और मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभालती रही।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में पूर्व प्रत्याशी सिंधुजा मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सरोज त्रिपाठी, पूर्व महामंत्री सतीश चौरसिया, भाजपा नेता भूपेंद्र पांडे, डॉ. मनोज पांडेय, मंडल अध्यक्ष रूपा गौतम, राम मूरत पटेल, चुन्ना तिवारी, गोलू शुक्ल, सुरेश तिवारी, राजेश शुक्ला, सिद्धार्थ शंकर श्रीवास्तव, दिनेश गौतम, उमा लाल तिवारी, रीता सोनी, विमला पटेल, अमरनाथ सोनकर, राज कुमार पाल, सुमन गौतम और सौरभ मोदनवाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शकरदहा मंडल में भी निकली तिरंगा यात्रा
इससे पहले शकरदहा मंडल में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की। दोनों आयोजनों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।





