सावन में अवधेश्वरनाथ धाम पहुंचे आईजी और एसपी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आईजी प्रयागराज अजय कुमार मिश्रा और एसपी प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने अवधेश्वरनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना भी की।

प्रतापगढ़।
सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन को देखते हुए आईजी प्रयागराज अजय कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने शनिवार को पौराणिक बाबा अवधेश्वरनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
धाम परिसर में घूमकर परखी सुरक्षा व्यवस्था
आईजी और एसपी ने मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, पुलिस तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सावन के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखी जाए।
राजा भगीरथ द्वारा पूजित है अवधेश्वरनाथ धाम
महारूद्र बाबा अवधेश्वरनाथ धाम को क्षेत्र का पौराणिक और धार्मिक महत्व वाला स्थल माना जाता है। मान्यता है कि इस धाम की पूजा-अर्चना अवधपति महाराज राजा भगीरथ द्वारा की गई थी। सावन माह में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
एसपी दीपक भूकर पहुंचे मनगढ़, जन्माष्टमी तैयारियों पर की चर्चा
अवधेश्वरनाथ धाम के निरीक्षण के बाद एसपी प्रतापगढ़ दीपक भूकर मनगढ़ दर्शन के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर कर्मचारियों और संबंधित लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने आयोजन को लेकर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक तैयारियों पर चर्चा करते हुए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





