फतेहपुर में गुलाबी गैंग का थाने पर प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई से नाराज महिलाओं ने जाफरगंज थाने का किया घेराव
फतेहपुर के जाफरगंज थाने में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन ने महिला उत्पीड़न मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई तेज करने की मांग की।

फतेहपुर। जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं ने शुक्रवार को थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में पहुंची महिलाओं ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
थाना प्रभारी से हुई वार्ता, कार्रवाई में तेजी की मांग
गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल जाफरगंज थाने पहुंचीं और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ल से मुलाकात कर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने पुलिस को दस्तावेज दिखाते हुए आरोप लगाया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई, जिससे उसके हौसले बढ़े।
पीड़िता के साथ दोबारा घटना का आरोप
हेमलता पटेल ने आरोप लगाया कि आरोपी की गिरफ्तारी न होने के कारण उसने अगले ही दिन पीड़िता के साथ दोबारा गंभीर वारदात को अंजाम दिया।
उन्होंने पुलिस से मांग की कि मामले में गंभीर धाराओं को तत्काल जोड़ा जाए और आरोपी सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पूरक बयान दर्ज करने और धाराएं बढ़ाने की मांग
संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि घटना के बाद पीड़िता को कई दिनों तक थाने में बैठना पड़ा और उसका पूरक बयान दर्ज करने में देरी हुई।
प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पीड़िता का पूरक बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की और जांच के बाद आवश्यक धाराएं बढ़ाने का आश्वासन दिया।
तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
हेमलता पटेल ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर आरोपी और मामले से जुड़े अन्य लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से वार्ता करेगा।
उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संगठन आगे भी संघर्ष जारी रखेगा।
प्रदर्शन में महिलाएं रहीं मौजूद
इस दौरान जिलाध्यक्ष सरला सिंह, उत्तरा, संयोगिता वर्मा, राजरानी, सरिता देवी सहित बड़ी संख्या में संगठन की महिलाएं मौजूद रहीं।





