पेपर लीक पर सरकार जवाबदेही से भाग रही, राहुल-प्रियंका की हिरासत लोकतंत्र पर प्रहार : मोना
रामपुर खास की विधायक एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने पेपर लीक प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की हिरासत को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही बिजली कटौती, खाद संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

लालगंज, प्रतापगढ़। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता एवं रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जवाबदेही तय करने से बच रही है और छात्रों की आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
बुधवार को क्षेत्रीय दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में विधायक मोना ने कहा कि देशभर के छात्र निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे का समाधान करने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने की घटना को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसकी नैति
क जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक मोना ने प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती, उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे अनियमित बिजली बिल तथा खरीफ सीजन में किसानों को यूरिया और डीएपी की उपलब्धता न होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों, युवाओं, छात्रों और महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे आम जनता परेशान है।
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान विधायक मोना ने बाबा घुइसरनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद लालगंज स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंगापुर, रेहुआ, मुरैनी, बूबूपुर, भगौरा और अमावां सहित कई गांवों का दौरा कर कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं से रूबरू हुईं।
इस अवसर पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल, ब्लॉक प्रमुख अमित प्रताप सिंह ‘पंकज’ सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





