
प्रतापगढ़। सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य के प्रयासों से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि मिली है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वीकृत 14 करोड़ 52 लाख 70 हजार रुपये की लागत से बनने वाले निर्माण कार्यों का बुधवार को विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और रोजगारोन्मुख बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि डायट को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किए जाने से शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और नई शिक्षा नीति के अनुरूप प्रशिक्षित शिक्षक तैयार होंगे, जिससे पूरे जनपद की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, ग्राम प्रधान, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी और कर्मचारी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





