
कौशाम्बी।
सराय अकिल थाना क्षेत्र के रूसहाई गांव स्थित महारानियां घाट पर शुक्रवार को यमुना नदी में स्नान के दौरान एक 19 वर्षीय युवती गहरे पानी में डूब गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा युवती की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, तिल्हापुर निवासी महेश की पुत्री करिश्मा सरोज उर्फ भंवरी (19) सुबह करीब 11 बजे अपनी सहेलियों कोमल, सावित्री और तारावती के साथ महारानियां घाट पर स्नान करने गई थी। नहाते समय करिश्मा, कोमल और सावित्री गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साथ मौजूद तारावती ने साहस का परिचय देते हुए तुरंत नदी में छलांग लगा दी। उसने कोमल और सावित्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन करिश्मा तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में लापता हो गई।
घटना की सूचना पर सराय अकिल पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर शाम तक नदी में सघन खोजबीन की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवती का कोई पता नहीं चल सका था।
पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है और युवती की तलाश के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।





