संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव
उदयपुर थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मां के घर लौटने पर युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

लालगंज, प्रतापगढ़।
उदयपुर थाना क्षेत्र के शीतल सिंह का पुरवा गांव में रविवार की शाम एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। युवती का शव घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी शब्बीर उर्फ वीरू की पुत्री मुस्कान (20) रविवार की शाम घर पर अकेली थी। उसकी मां रूबीना बाजार गई थीं, जबकि भाई मवेशी चराने घर से बाहर निकला था। देर शाम जब मां वापस घर पहुंचीं तो कमरे में बेटी को दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर घर लौटे भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के पिता शब्बीर उर्फ वीरू सांगीपुर बाजार में कपड़ों की सिलाई का कार्य करते हैं। युवती की अचानक हुई मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।





