
प्रयागराज।
एक लाख का इनामी गैंगस्टर सुनील भारतीया उर्फ गुंगे गिरफ्तार, STF ने फाफामऊ के बेला कछार से दबोचा
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रविवार सुबह फाफामऊ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ फाफामऊ थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था।
बेला कछार में घेराबंदी कर STF ने पकड़ा
STF के मुताबिक, फरार और इनामी अपराधियों के संबंध में लगातार सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की गतिविधियों के बारे में जानकारी एकत्र की।
इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर STF की टीम ने रविवार सुबह करीब 8:45 बजे फाफामऊ क्षेत्र के बेला कछार में घेराबंदी की। बताया गया कि आरोपी जय गुरुदेव आश्रम से करीब 50 मीटर पीछे बेला कछार की ओर मौजूद था। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
2019 से चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल होने का आरोप
STF की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह वर्ष 2019 से अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। उसके खिलाफ प्रयागराज जीआरपी और फाफामऊ थाने में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुका है।
STF के अनुसार, वर्ष 2025 में सुनील भारतीया उर्फ गुंगे और उसके एक साथी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
10 मुकदमे दर्ज होने की बात
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ प्रयागराज जीआरपी और फाफामऊ थाने में कुल 10 प्राथमिकी दर्ज हैं। इन मामलों में चोरी, लूट, बरामदगी और NDPS एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे शामिल बताए गए हैं।
STF की इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और उसके आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है।





