
प्रयागराज।
माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को लेकर लखनऊ से प्रयागराज आ रहे काफिले की गाड़ियों के चालकों के खिलाफ हथिगवां थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि नवाबगंज टोल प्लाजा पर काफिले में शामिल वाहनों ने टोल बैरियर तोड़कर बिना शुल्क दिए निकलने की कोशिश की। इस दौरान टोल कर्मचारियों से कथित तौर पर मारपीट और उन्हें कुचलने का प्रयास भी किया गया।
टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जयप्रकाश यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर के मुताबिक घटना करीब 3:50 बजे टोल बूथ नंबर-3 पर हुई। उमर अहमद को पुलिस स्कोर्ट के साथ लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था।
टोल बैरियर तोड़कर निकलने का आरोप
सरकारी वाहनों के गुजरने के बाद पीछे से कई वाहन एक साथ टोल प्लाजा पहुंचे। आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों के चालकों ने टोल शुल्क दिए बिना तेज रफ्तार में बैरियर तोड़कर निकलना शुरू कर दिया। टोल कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने की कोशिश की l आरोप है कि इस पर उनके साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
तहरीर में यह भी आरोप है कि कुछ वाहन चालकों ने टोल कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। कर्मचारी किसी तरह तेजी से किनारे हटे और अपनी जान बचाई। इसके बाद वाहन तेज रफ्तार में टोल प्लाजा से निकल गए। इस दौरान टोल प्लाजा का बैरियर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
शिकायतकर्ता ने बिना टोल शुल्क दिए वाहनों के निकलने से राजस्व की क्षति होने की बात भी कही है। शिकायत में कुछ वाहनों के नंबर अधूरे होने और कई वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं होने का भी उल्लेख किया गया है।





