
प्रतापगढ़।
डॉ. सोनेलाल पटेल स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में एसी खरीद और किराये के मामले में नया मोड़ आ गया है। GeM पोर्टल के अनुबंध की प्रति सामने आने के बाद प्राचार्य की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति पर सवाल उठने लगे हैं।
सामने आए GeM अनुबंध में सेवा विवरण के अंतर्गत स्पष्ट रूप से “Hiring of Air Conditioners and Desert Coolers – Event Based – Air Conditioner Split Air Conditioner” दर्ज है। अनुबंध में 10 स्प्लिट एसी, सेवा अवधि 15 जुलाई 2026 तक तथा प्रतिदिन किराया ₹9,985 प्रति एसी दर्शाया गया है। कुल अनुबंध मूल्य ₹9,98,500 अंकित है।
वहीं दूसरी ओर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर समाचारों को भ्रामक और असत्य बताया है। उन्होंने दावा किया है कि सभी एयर कंडीशनर नियमों के तहत अस्पताल के पुरुष एवं महिला वार्डों में मरीजों की सुविधा के लिए खरीदे गए हैं तथा किसी इवेंट के लिए किराये पर नहीं लिए गए।
यहीं से पूरा मामला विवादों में आ गया है। सवाल यह उठ रहा है कि यदि एसी स्थायी उपयोग के लिए खरीदे गए थे, तो GeM अनुबंध में “Event Based Hiring” का उल्लेख क्यों किया गया? यदि दस्तावेज सही है तो प्रेस विज्ञप्ति में अलग दावा किस आधार पर किया गया? और यदि प्रेस विज्ञप्ति सही है तो GeM पोर्टल पर दर्ज विवरण में यह विसंगति कैसे आई?
जानकारों का कहना है कि GeM पोर्टल पर दर्ज अनुबंध और उसके तकनीकी विवरण सरकारी खरीद प्रक्रिया का आधिकारिक रिकॉर्ड होते हैं। ऐसे में दोनों दस्तावेजों के परस्पर विरोधी होने से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच आवश्यक हो गई है।
अब निगाहें शासन और चिकित्सा शिक्षा विभाग पर हैं। यदि GeM अनुबंध और प्रेस विज्ञप्ति में विरोधाभास पाया जाता है, तो यह केवल प्रशासनिक त्रुटि नहीं बल्कि खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करेगा। विपक्ष और सामाजिक संगठनों ने भी पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग तेज कर दी है।





