निजीकरण और एनपीएस का विरोध, पुरानी पेंशन बहाली पर अड़े कर्मचारी
प्रतापगढ़ में एनएमओपीएस और अटेवा के कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने निजीकरण का विरोध करते हुए पुरानी पेंशन (OPS) बहाल करने की मांग दोहराई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर 25 सितंबर को लखनऊ में महारैली आयोजित की जाएगी।

प्रतापगढ़, 12 जुलाई। रेलवे विभाग द्वारा अभिनंदन लॉज में आयोजित बीजीएम कार्यक्रम में एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अटेवा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धु ने कहा कि सरकारी संस्थानों के बढ़ते निजीकरण से युवाओं के रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एनपीएस या यूपीएस नहीं, बल्कि पुरानी पेंशन (ओपीएस) ही कर्मचारियों की प्रमुख मांग है।
उन्होंने सरकार से मानसून सत्र में पुरानी पेंशन बहाली और सेवारत शिक्षकों को टीईटी से छूट देने संबंधी निर्णय लेने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर 25 सितंबर को लखनऊ में होने वाली महारैली में प्रदेश और देशभर के लाखों कर्मचारी व शिक्षक शामिल होकर आंदोलन को तेज करेंगे।
कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों ने रनिंग स्टाफ की कार्यस्थितियों में सुधार, आवधिक विश्राम, एएलपी को 4200 ग्रेड पे, माइलेज एरियर का भुगतान, रनिंग रूम के उन्नयन तथा अन्य सेवा संबंधी मांगें भी उठाईं। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
इससे पहले विजय कुमार बन्धु ने अटेवा जिला कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सदस्यता अभियान तेज करने का आह्वान किया। बैठक में यमुना प्रसाद यादव को जिला उपाध्यक्ष घोषित किया गया। कार्यक्रम में अटेवा एवं रेलवे कर्मचारी संगठनों के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।





