परिचितों के साथ निकले बीज विक्रेता का नहर में मिला शव, हत्या की आशंका
प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा क्षेत्र में बीज विक्रेता ओमप्रकाश पटेल का शव नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एक व्यक्ति को नामजद किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

प्रतापगढ़।जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में एक बीज विक्रेता का शव नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए उसके साथ गए एक व्यक्ति को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के अकारीपुर तिवरान निवासी शिवम पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता ओमप्रकाश पटेल बीते 22 जून की शाम करीब साढ़े सात बजे ग्राम धरौली निवासी दो परिचितों के साथ बाइक से घर से निकले थे। रात करीब आठ बजे उनकी पुत्री ने फोन कर दूध डेरी पर पहुंचाने की बात कही तो ओमप्रकाश ने बताया कि वह बाहर हैं और आने में देर होगी।
इसके बाद देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनसे मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन की घंटी बजती रही और किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। परेशान परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी, लेकिन रात में उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सूचना मिली कि दयालगंज बाजार से कुछ दूरी पर नहर में ओमप्रकाश पटेल का शव पड़ा हुआ है। वहीं उनके साथ गए एक अन्य व्यक्ति बृजेश यादव गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजनों का आरोप है कि ओमप्रकाश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं, जिससे उनकी हत्या किए जाने की आशंका है।
मृतक के पुत्र ने तीसरे साथी को नामजद करते हुए उसके विरुद्ध हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राकेश चौरसिया ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर विधिक कार्रवाई कर रही हैl





