मानसून सत्र में पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस: मोना
रामपुर खास की विधायक एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस पेपर लीक, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, खाद संकट और बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी।

लालगंज, प्रतापगढ़। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता एवं रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि आगामी विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस पेपर लीक, अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी, खाद संकट और बिजली आपूर्ति जैसे जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार को इन मामलों में जवाबदेह बनने के लिए मजबूर करेगा।
गुरुवार को नगर स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में आराधना मिश्रा ने कहा कि पेपर लीक किसी दल का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और उनके परिवारों से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक से नाराज छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनके साथ दिल्ली पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए था। उन्होंने पूर्व रेल मंत्री लाल बहादुर शास्त्री का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कई मंत्रियों ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दिया था, जबकि आज भाजपा सरकार जवाबदेही से बच रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई संबंधी बयान पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक दोषियों की पहचान ही स्पष्ट नहीं हुई है, तब तक इस तरह के बयान महज राजनीतिक दिखावा हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई के बाद सरकार चर्चा की बात कर रही है, जबकि उसे पहले जवाबदेही तय करनी चाहिए।
अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर आराधना मिश्रा ने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ विश्वासघात बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और भाजपा इस मामले के बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ाए गए चंदे की सुरक्षा नहीं हो सकती तो आम जनता के हितों की रक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
विधायक ने प्रदेश में डीएपी और यूरिया की कमी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ सहित कई जिलों में किसान खाद के लिए परेशान हैं, जबकि सरकार स्थिति संभालने में विफल साबित हुई है। उन्होंने लगातार बने बिजली संकट को भी सरकार की नाकामी बताया।
मानसून सत्र की अवधि कम रखने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर सदन में जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा से बचना चाहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस विधानसभा में पेपर लीक, राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, किसानों की समस्याओं और बिजली संकट जैसे मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाएगी।
पत्रकार वार्ता में प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, ब्लॉक प्रमुख अमित सिंह पंकज तथा चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।





