“प्रतापगढ़ के टेंडर पर मचा घमासान! भाजपा नेताओं की दूसरी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंची”
प्रतापगढ़ में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की टेंडर प्रक्रिया पर विवाद तेज हो गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता के बाद जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अनियमितताओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रतापगढ़। जनपद में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) की टेंडर प्रक्रिया को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता गिरधारी सिंह द्वारा आवाज उठाने के बाद अब भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इससे मामला राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2026 की टेंडर प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं बरती गईं। उनका कहना है कि निविदा फार्म खरीदने वाले कई ठेकेदारों को समय से बिल ऑफ क्वांटिटी (BOQ) उपलब्ध नहीं कराई गई, जबकि कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को पहले ही आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए। इससे अन्य ठेकेदार समय पर अपनी निविदा तैयार नहीं कर सके और प्रतिस्पर्धा प्रभावित हुई।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूरी प्रक्रिया में सभी प्रतिभागियों को समान अवसर नहीं दिया गया, जिससे सरकारी कार्यों की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। अजय सिंह ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, बिके एवं जमा हुए सभी निविदा फार्मों का सत्यापन कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा संगठन के ही एक के बाद एक नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री को शिकायत भेजे जाने से ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की टेंडर प्रक्रिया पर सवाल और गहरे हो गए हैं। अब निगाहें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि शिकायतों पर क्या कार्रवाई होती हैl





