
प्रतापगढ़। जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर मंगलवार को दूसरे दिन भी नामांकन प्रक्रिया उत्साहपूर्ण माहौल में जारी रही। अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के दौरान बार परिसर में दिनभर चुनावी सरगर्मी देखने को मिली।
अध्यक्ष पद के लिए शिवराम मिश्रा, श्याम प्रताप सिंह और विजय पाल सिंह ने नामांकन दाखिल किया। वहीं महामंत्री पद के लिए राजेश प्रताप सिंह और लल्लन सिंह ने अपनी दावेदारी पेश की।
इसके अलावा महिला उपाध्यक्ष पद के लिए किरण वाला सिंह, उपाध्यक्ष पद के लिए विवेक कुमार त्रिपाठी तथा वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए चन्द्रभान सिंह सोमवंशी ने भी समर्थकों के साथ पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
सभी प्रत्याशियों ने एल्डर कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जय नारायण सिंह के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र सिंह, ब्रजेश बहादुर सिंह गौतम, निर्भय सिंह, शिव बहादुर सिंह, दिवाकर सिंह, महेंद्र सिंह, राजेश्वर सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
नामांकन प्रक्रिया के साथ ही जिला बार चुनाव का माहौल और अधिक गर्मा गया है। प्रत्याशी अधिवक्ताओं से जनसंपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में सक्रिय हो गए हैं।





