गोशालयों में जल्द लगाए जाएं सीसी टीवी कैमरे
प्रतापगढ़ में उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने गौशालाओं की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में गोवंश संरक्षण, गौशालाओं की व्यवस्थाओं और सीसीटीवी स्थापना की भी समीक्षा की गई।

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकान्त उपाध्याय की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की गौशालाओं की व्यवस्थाओं, गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान ईओ नगर पंचायत कटरा मेंदनीगंज, ईओ नगर पंचायत पट्टी व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनुपस्थित पाये गयेI इस पर गोसेवा आयोग के सदस्य ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये सम्बन्धित का वेतन रोकने एवं कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 राम शब्द ने बताया कि जनपद में कुल 75 गो-आश्रय स्थल संचालित हैं, जिनमें 59 अस्थायी गो-आश्रय स्थल, 2 कांजी हाउस, 8 वृहद गो-संरक्षण केंद्र तथा 6 कान्हा गौशालाएं शामिल हैं।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दो गौशालाओं में अभी तक सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं किए गए हैं। इस पर गोसेवा आयोग के सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगा दिये जाये।
बैठक में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, भाजपा के शिव प्रकाश मिश्र सेनानी आदि मौजूद रहे।





