
चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा धर्मनगरी को 951 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात देने पर बुंदेली सेना नें आभार जताया है। साथ ही सीएम से धर्मनगरी के लिए इलेक्ट्रिक शव दाह गृह, सिटी बस सेवा, वाटर एटीएम, टूरिस्ट गाइड, टैक्सी कैब गाड़ियाँ आदि यात्री सुविधाओं से जुडी सेवाएं मुहैया कराने की मांग की है।
बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह नें बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नें योजनाओं की सौगात देकर धर्मनगरी में लोगों का दिल जीत लिया है। यहां के पर्यटन विकास को लेकर तमाम योजनाएं संचालित हैं, लेकिन 84 कोस परिक्षेत्र के अभी तमाम स्थल ऐसे हैं। जहाँ विकास अपेक्षित है।
इसमें बाँकेसिद्ध, मठदर, अमरावती, बरियारी कला, दशरथ घाट, बाण गंगा, करका आश्रम, राघव प्रपात आदि में विकास की संभावनाएं हैं। तीर्थ के सभी स्थलों को विकसित करके यहां पर्यटन सर्किट का विकास किया जाना चाहिए।
ताकि तीर्थ के समग्र विकास की संकल्पना साकार हो सके। साथ ही कामदगिरि में वृहद वृक्षारोपण और परिक्रमा किनारे फूलों की लताओं के पौधे बोगनबेलिया आदि का रोपण कराने की सीएम से मांग की है।





