ताज़ा ख़बरसुलतानपुर

जमीन के लालच में जीजा की हत्या, शराब पिलाकर दुपट्टे से गला दबाया; तालाब में फेंका शव, चार गिरफ्तार

सुलतानपुर में 48 लाख की जमीन के सौदे को लेकर मो. शाकिब की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। साले समेत चार गिरफ्तार, शराब पिलाकर दुपट्टे से गला दबाने का आरोप।

सुलतानपुर।

कोतवाली नगर क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी गांव में हुए मो. शाकिब हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हाईवे किनारे की जमीन के 48 लाख रुपये में हुए सौदे को लेकर मृतक के साले ने दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने पहले शाकिब को शराब पिलाई और फिर दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पास स्थित तालाब में फेंक दिया गया।

48 लाख की जमीन का सौदा बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, मो. शाकिब (25) पुत्र शहबान निवासी सरैया गोसाईगंज बचपन से अपने ननिहाल लोलेपुर चौहानी में रह रहा था। उसकी नानी ने उसे पक्का मकान और हाईवे किनारे पांच बिस्वा जमीन दी थी।

शाकिब ने इस जमीन का 48 लाख रुपये में सौदा किया था और दो लाख रुपये अग्रिम के तौर पर ले चुका था। शेष रकम बैनामा के समय मिलने वाली थी। पुलिस का कहना है कि शाकिब ने जमीन की रकम के लिए नया बैंक खाता खुलवाया था और उसमें अपने मामा के बेटे को नामिनी बनाया था।

पुलिस के मुताबिक, इसकी जानकारी शाकिब की पत्नी को हुई तो उसने अपने भाइयों को इसकी जानकारी दी। आरोपियों को आशंका थी कि शाकिब जमीन की रकम अपनी पत्नी को देने के बजाय शराब और अन्य कामों में खर्च कर देगा। इसी को लेकर उसके साले सलमानुल हक उर्फ सलमान ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

शराब पिलाकर दुपट्टे से गला दबाकर हत्या

पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत सलमान अहमद शाकिब को अपने साथ ले गया। उसे शराब पिलाने के बाद गांव से बाहर ले जाया गया, जहां पहले से मो. हुसैन, मो. जीशान और सलमानुल हक उर्फ सलमान मौजूद थे।

पुलिस का दावा है कि चारों ने मिलकर दुपट्टे से शाकिब का गला दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को जल निगम के तालाब में फेंक दिया गया।

दो अगस्त की रात घर से निकला था शाकिब

पुलिस के अनुसार, शाकिब दो अगस्त की रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन घर से करीब 200 मीटर दूर तालाब के किनारे उसका शव मिला। शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए थे।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों के अलावा एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था।

महुए के बाग में बैठे मिले चारों आरोपी

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को राहुल चौराहा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़े चार आरोपी चौहानी से बाईपास जाने वाली सड़क पर विनोबापुरी के सामने महुए के बाग में बैठे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने शाकिब की हत्या कर शव तालाब में फेंकने की बात स्वीकार की।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है:

  • सलमान अहमद पुत्र सरदार, निवासी नकराही
  • मो. हुसैन उर्फ गोलू पुत्र अबरार अहमद, निवासी लोलेपुर चौहानी
  • मो. जीशान पुत्र नुरूल हक, निवासी लोलेपुर चौहानी
  • सलमानुल हक उर्फ सलमान पुत्र शमशुलहक, निवासी नकराही

पुलिस के अनुसार सलमानुल हक मृतक का सगा साला है। सलमान अहमद उसका दोस्त, जबकि मो. हुसैन और मो. जीशान उसके साले के दोस्त बताए गए हैं।

पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम

पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने हत्याकांड का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button