स्कूल पहुंचते ही BSA का बड़ा एक्शन, अनुपस्थित शिक्षामित्र और प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई
सीतापुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने पिसावां और मिश्रिख के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। लापरवाही मिलने पर शिक्षामित्र, एजुकेटर और प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सीतापुर
सीतापुर में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शुक्रवार को पिसावां और मिश्रिख विकास खंड के कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर शिक्षामित्र, एजुकेटर और प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
दो दिन से अनुपस्थित मिलीं शिक्षामित्र
प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदनगर में निरीक्षण के दौरान शिक्षामित्र अन्नू श्रीवास्तव लगातार दो दिन से बिना सूचना अनुपस्थित पाई गईं। वहीं एजुकेटर सुभांगी वैश्य निर्धारित समय से देर से विद्यालय पहुंचीं। इस पर बीएसए ने दोनों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
प्रधानाध्यापक पर भी होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्रों को समय पर पुस्तकें वितरित न होने, मल्टीपल हैंडवॉश में नल नहीं मिलने और बालक शौचालय बंद होने जैसी खामियां भी सामने आईं। इन लापरवाहियों को गंभीर मानते हुए संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
छात्रों से पूछे सवाल, सही जवाब पर किया सम्मानित
बीएसए ने उच्च प्राथमिक विद्यालय फरिहा में प्रार्थना सभा में भाग लेकर विद्यार्थियों को शहीद ऊधम सिंह के बलिदान दिवस की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को स्वच्छता, अनुशासन और नियमित ड्रेस में विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा बच्चों से गणित और हिंदी के प्रश्न पूछे गए तथा सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।
साफ-सफाई और पढ़ाई व्यवस्था की सराहना
उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदनगर में साफ-सफाई और शैक्षणिक व्यवस्था संतोषजनक मिलने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक की सराहना की गई। बीएसए ने शिक्षकों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।





