ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

कंधई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 38.42 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

प्रतापगढ़ के कंधई थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई में 38.42 ग्राम एमडी (मेथामफेटामाइन) ड्रग्स के साथ हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।

प्रतापगढ़।मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कंधई पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 38.42 ग्राम अवैध एमडी (मेथामफेटामाइन) ड्रग्स के साथ एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में बुधवार रात थाना कंधई पुलिस और स्पेशल टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम पूरे देवयानी की ओर अवैध एमडी लेकर जा रहा है।

सूचना पर पुलिस ने सराय जमुआरी नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 38.42 ग्राम मेथामफेटामाइन ड्रग्स बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुनैद अहमद (29) पुत्र अब्दुल सलाम निवासी पूरे देवयानी, थाना कंधई के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशीले पदार्थ की बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाता था और उसी से अपना खर्च एवं शौक पूरे करता था। पुलिस अब उससे ड्रग्स के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार जुनैद अहमद थाना कंधई का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट तथा अन्य गंभीर धाराओं सहित कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ताजा कार्रवाई के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री या तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 6307363107 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button