सावन 2026: बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने मेले की तैयारियों का किया निरीक्षण
सावन 2026 से पहले प्रतापगढ़ के बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में कुंडा एसडीएम ने मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, गंगा घाट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मानिकपुर/कुंडा, प्रतापगढ़। सावन 2026 की शुरुआत से पहले प्रतापगढ़ के प्रसिद्ध पौराणिक महारुद्र बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। रविवार को कुंडा के एसडीएम ने धाम पहुंचकर सावन मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया।
निरीक्षण से पहले एसडीएम ने मां गंगा के दर्शन कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की।
मेला प्रबंधक एवं कोषाध्यक्ष जुगनू विश्वकर्मा ने बताया कि सावन मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नौका बचाव दल, स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, गंगा घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अवधपति महाराज राजा भगीरथ की तपोस्थली माने जाने वाले बाबा अवधेश्वरनाथ धाम में हर वर्ष सावन के दौरान लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने समय रहते सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
निरीक्षण के दौरान एडवोकेट रमाकांत शुक्ल, पुजारी धुन्ना गोसाईं, आचार्य मोहित मिश्र, राजेश शुक्ल, लेखपाल अनिल द्विवेदी सहित मेला समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





