
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन, जबरन शादी के लिए दबाव, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान (22) निवासी उदईशाहपुर के रूप में हुई है। उसे कोपा-अमरगढ़ रोड के पास से गिरफ्तार किया गया।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि 15 जुलाई को घर में अकेली होने के दौरान आरोपी उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर कथित तौर पर उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपी फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार संपर्क कर धर्म परिवर्तन और शादी के लिए दबाव बनाता रहा तथा जान से मारने की धमकी देता था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़िता की तहरीर के आधार पर आसपुर देवसरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
नोट: यह मामला पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर और शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।





