प्रयागराज की अबिका यादव का शानदार प्रदर्शन, CBSE एथलेटिक्स में 1500 और 3000 मीटर दौड़ में जीते दो स्वर्ण
प्रयागराज के शकुन विद्या निकेतन की छात्रा अबिका यादव ने CBSE क्लस्टर-5 बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग की 1500 और 3000 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया।

प्रयागराज।
शहर के शकुन विद्या निकेतन (SVN) की छात्रा अबिका यादव ने खेल जगत में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए CBSE क्लस्टर-5 बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।
सेंट माइकल्स स्कूल, बलिया में 28 से 31 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में अबिका यादव ने अंडर-17 आयु वर्ग की 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
अबिका की मेहनत से विद्यालय में खुशी का माहौल
विद्यालय की उप प्रधानाचार्या आकांक्षा मिश्रा ने बताया कि अबिका ने कठिन मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह सफलता हासिल की है। दो-दो स्वर्ण पदक जीतने से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
बास्केटबाल टीम ने भी जीता कांस्य पदक
अबिका यादव इससे पहले संस्कार इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित CBSE बालिका बास्केटबाल प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। वह SVN की अंडर-14 बास्केटबाल टीम की उपकप्तान थीं।
प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। टीम का नेतृत्व कप्तान अंकिता और उपकप्तान अबिका यादव ने किया।
टीम की खिलाड़ियों रिया, सिद्धि, तेजस्वी, आरुषि, निहारिका, एकांशी, ऋद्धि, रुद्री, अंशिका और सिम्मी ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, टीम भावना और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्या ने खिलाड़ियों को दी बधाई
विद्यालय की प्रधानाचार्या शकुंतला मिश्रा, उप प्रधानाचार्या आकांक्षा मिश्रा, स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर गौरांग मिश्र और क्रीड़ा शिक्षक अमन यादव एवं आयुषी केसरवानी समेत सभी शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने अबिका यादव और बास्केटबाल टीम को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है कि विद्यालय खेल क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने का लक्ष्य
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि SVN के खिलाड़ी भविष्य में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रयागराज और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।





