
प्रयागराज।
मरहूम माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे में शनिवार को हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। भीड़ बढ़ने के साथ स्थिति कुछ समय के लिए बेकाबू हो गई और लोगों ने पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी। हालात को देखते हुए पुलिस ने कसारी-मसारी कब्रिस्तान में लोगों की एंट्री रोक दी।
लखनऊ जेल से उमर के पहुंचते ही बढ़ी भीड़
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल से पुलिस सुरक्षा में उमर को प्रयागराज लाया गया। उसके पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए आगे बढ़ने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
अबान को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफनाया जाना है।
अतीक और परिवार के अन्य सदस्यों की कब्र भी यहीं
कसारी-मसारी कब्रिस्तान में अतीक अहमद के अलावा उसके पिता फिरोज अहमद, भाई अशरफ और बेटे असद की कब्र भी है। अबान के अंतिम संस्कार को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
कब्रिस्तान के बाहर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही कब्रिस्तान में आने-जाने वाले लोगों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जा रही है।
झांसी जेल से अली भी प्रयागराज के लिए रवाना
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए अतीक अहमद का दूसरा बेटा अली भी शनिवार सुबह झांसी जेल से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। पुलिस के मुताबिक, करीब 400 किलोमीटर की दूरी तय करने के दौरान अली की सुरक्षा में करीब 30 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।
अली को पुलिस वैन से लाया जा रहा है और सुरक्षा कारणों से वाहन पर पर्दे लगाए गए हैं, ताकि उसका चेहरा बाहर से नजर न आए।
अबान के जनाजे को लेकर प्रयागराज में पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।





