प्रयागराज की 14 वर्षीय शताक्षी प्रजापति ने 14 मिनट 30 सेकेंड में तैरकर पार की यमुना, बनाया नया रिकॉर्ड
प्रयागराज की 14 वर्षीय छात्रा शताक्षी प्रजापति ने महेवा घाट पर 14 मिनट 30 सेकेंड में यमुना नदी तैरकर पार कर नया रिकॉर्ड बनाया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और शहर में खुशी का माहौल है।

प्रयागराज। शहर की 14 वर्षीय तैराक शताक्षी प्रजापति ने यमुना नदी को महज 14 मिनट 30 सेकेंड में तैरकर पार करते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। महेवा घाट पर कोच मोनू निशाद के मार्गदर्शन में हासिल की गई इस उपलब्धि ने प्रयागराज का गौरव बढ़ाया है।
नैनी की मायापुरी कॉलोनी निवासी शताक्षी प्रजापति सेम स्टार ग्लोबल स्कूल की कक्षा 10 की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी भी कर रही हैं। व्यस्त शैक्षणिक दिनचर्या के बावजूद उन्होंने खेल और शिक्षा के बीच बेहतरीन संतुलन बनाकर यह मुकाम हासिल किया है।
शताक्षी पिछले काफी समय से महेवा घाट पर नियमित रूप से तैराकी का अभ्यास कर रही हैं। उनके अनुशासन, कठिन मेहनत और कोच मोनू निशाद के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि उन्होंने यमुना जैसी चुनौतीपूर्ण नदी को मात्र 14 मिनट 30 सेकेंड में पार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
शताक्षी के पिता सुरेंद्र नाथ प्रजापति इलाहाबाद हाईकोर्ट में निजी सचिव हैं, जबकि उनकी मां नूतन प्रजापति समाजसेवा से जुड़ी हैं और जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करती हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार ने खुशी जताई और इसे वर्षों की मेहनत का फल बताया।
रिकॉर्ड बनने की जानकारी मिलते ही मायापुरी कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों, रिश्तेदारों और मित्रों ने शताक्षी को शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रयागराज के लिए गर्व का क्षण बताया।
कोच मोनू निशाद ने कहा कि शताक्षी एक मेहनती, अनुशासित और प्रतिभाशाली तैराक हैं। यदि उन्हें लगातार बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर मिलते रहे तो वह भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।





