
प्रतापगढ़।
समाजवादी पार्टी कार्यालय मीराभवन पर पीडीए आरक्षण घोटाला के सम्बन्ध में रानीगंज विधायक डॉ आर के वर्मा व पट्टी विधायक रामसिंह पटेल ने संयुक्त प्रेसवार्ता की।
इस दौरान विधायकों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आपके बेटे, बेटियों और बहुओं से संविधान प्रदत्त आरक्षण का अधिकार छीन रही है।
विधायकों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में युवाओं के साथ भाजपा सरकार आरक्षण के साथ छलावा कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिए गए इस बराबरी के औज़ार को भाजपा सरकार छीनना चाहती है।
कहा कि इस सरकार में कई परीक्षाओं के पेपर लीक हुए जिससे युवाओं का भविष्य खराब हुआ। कई युवा तो आत्महत्या कर लिये लेकिन फिर भी सरकार को कान में जूं तक नहीं रेंग रही है।
प्रेस में कई आंकड़े प्रस्तुत करते हुए उदाहरण दिया कि पिछड़ी जातियों के साथ सरकार आरक्षण में छलावा कर रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के मंसूबे को सपा पूरा नहीं होने देगी।
इसके लिये आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। प्रेसवार्ता में जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, पूर्व विधायक नागेन्द्र सिंह यादव मुन्ना, वासिक खान समेत कई पदाधिकारीगण मौजूद रहे।





