प्रेम विवाह की रंजिश में साले ने जीजा को गोलियों से भूना, मौत
प्रतापगढ़ के जेठवारा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह की रंजिश में साले ने साथियों के साथ मिलकर अपने जीजा की गोली मारकर हत्या कर दी। एसपी ने आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

प्रतापगढ़। जेठवारा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह की रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। डेरवा चौकी अंतर्गत खटवारा गांव में साले ने अपने साथियों के साथ मिलकर जीजा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर रात में ही घटनास्थल पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया। साथ ही नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार करीब एक वर्ष पहले राजू सिंह ने खुशबू वर्मा से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज थे। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते खुशबू का भाई पिंटू वर्मा अपने साथी तेज बहादुर वर्मा तथा तीन अन्य लोगों के साथ पहले से घात लगाए बैठा था। सोमवार रात जैसे ही राजू सिंह वहां पहुंचा, हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल राजू सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जेठवारा पुलिस ने स्वाट टीम के सहयोग से कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी अरुण वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक ने उसकी चचेरी बहन को भगाकर प्रेम विवाह कर लिया था। वर्तमान में वह गर्भवती है और इसी घटना को लेकर परिवार खुद को अपमानित महसूस कर रहा था। इसी कारण हत्या की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस अन्य नामजद और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।



