अन्यताज़ा ख़बरप्रतापगढ़बड़ी खबर

महिला से लूट करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, 24 घंटे में खुलासा

प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र में महिला से सोने का लॉकेट लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि नाबालिग साथी को हिरासत में लेकर लूटा गया लॉकेट, तमंचा और बाइक बरामद की गई।

प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र में महिला से सोने का लॉकेट लूटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका नाबालिग साथी पुलिस संरक्षण में लिया गया। दोनों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार 28 जून को टेंडा सरैया के पास ई-रिक्शा से जा रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने का लॉकेट छीन लिया था। घटना के बाद थाना महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
सोमवार देर रात गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल दोनों आरोपी गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सर्विस रोड स्थित आईटीडी प्लांट के पास आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपी अंकित जोशी निवासी वासुपुर पौड़ियां, थाना लीलापुर ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।
वहीं उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला का लूटा गया सोने का लॉकेट, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि महिला से लूट की घटना का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button