निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 42 मरीजों की जांच, तीन टीबी मरीज मिले,जागरूकता पर दिया जोर
सांगीपुर बाजार स्थित काशी मेडिकल एजेंसी पर लगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 42 मरीजों की जांच हुई। चेस्ट फिजिशियन डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने परीक्षण किया, जिसमें तीन टीबी मरीज मिले और लोगों को जागरूक किया गया।

लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्र के सांगीपुर बाजार स्थित काशी मेडिकल एजेंसी पर आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में विपरीत मौसम के बावजूद 42 मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में लखनऊ मेडिकल कॉलेज के चेस्ट फिजिशियन डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया और दवाओं का वितरण कराया।
जांच के दौरान तीन टीबी मरीजों की पहचान हुई। चिकित्सक ने मरीजों को टीबी के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार टीबी उन्मूलन के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर में सांस संबंधी रोग, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े मरीजों की जांच की गई। चिकित्सकों ने बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और नियमित जांच कराने की सलाह दी।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का संयोजन समाजसेवी आशीष त्रिपाठी ‘सूरज’ ने किया, जबकि संचालन डॉ. नंदन धर द्विवेदी ने किया। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना की।





