भारत ने आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की: मयंकेश्वर शरण
प्रतापगढ़ में आए प्रभारी मंत्री ने भारत सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर गिनाईं उपलब्धियां

प्रतापगढ़।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास भवन सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की अध्यक्षता में मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान की भावना तथा आमजन के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को लेकर संवाद स्थापित किया गया।
प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। जनपद प्रतापगढ़ में किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 6 लाख 50 हजार 524 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए हैं, जिससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध हो रही है। कहा कि प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक विकास हुआ है।
कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, राघवेंद्र शुक्ला, देवेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
इंसेट
प्रभारी मंत्री ने देवली गौशाला एवं पंचायत भवन का किया निरीक्षण
प्रतापगढ।
प्रभारीमंत्री ने विकास खंड लक्ष्मणपुर के देवली गौशाला एवं देवली ग्राम सभा स्थित पंचायत भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सबसे पहले देवली गौशाला पहुंचकर गौवंश के स्वास्थ्य, पोषण एवं देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में मौजूद गायों को गुड़ एवं चना खिलाकर गौसेवा का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन में संचालित लाइब्रेरी का अवलोकन कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पंचायत भवन परिसर की नियमित साफ-सफाई, सुव्यवस्थित रखरखाव एवं जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी राम मोहन मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मनोज सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।





